गायघाट विधायक ने बाढ़ प्रभावित पंचायतों को घोषित करने की मांग की, 24 घंटे में राहत राशि भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
गायघाट: गायघाट प्रखंड में बाढ़ से प्रभावित पंचायतों को पूर्णतः बाढ़ प्रभावित घोषित करने हेतु गायघाट विधायक निरंजन राय ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में भूमि सुधार उपसमाहर्ता मुजफ्फरपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) गायघाट, अंचलाधिकारी गायघाट और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड की बाढ़ प्रभावित पंचायतों को पूरी तरह बाढ़ प्रभावित घोषित कर, पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द राहत राशि प्रदान कराना था।
बैठक में विधायक निरंजन राय ने जमालपुर कोदई, केवटसा, शिवदहा, कांटा पिरौंछा उत्तरी, कांटा पिरौंछा दक्षिणी, सुस्ता, बलौर निधि, लदौर, बरूआरी, लोमा सहित अन्य पंचायतों को पूर्णतः बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सभी बाढ़ पीड़ित परिवारों को आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 24 घंटे के भीतर बाढ़ राहत कोष से प्रति पीड़ित परिवार ₹ 7000/- (सात हजार रुपये) की सहायता राशि का भुगतान किया जाना चाहिए।
विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में पीड़ितों को राहत राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो राजद महागठबंधन प्रखंड से जिला मुख्यालय तक घेराव करेगा और सड़क से लेकर सदन तक जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
बैठक के दौरान विधायक ने सभी बाढ़ प्रभावित पंचायतों के मुखियाओं से अनुरोध किया कि वे यथाशीघ्र अपने-अपने पंचायतों में अनुश्रवण समिति की बैठक बुलाकर बाढ़ पीड़ित परिवारों की सूची तैयार कर अंचल अधिकारी को सौंप दें, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता राशि का भुगतान सुनिश्चित हो सके।
इस बैठक में प्रमुख रूप से उप प्रमुख जयप्रकाश यादव, प्रखंड राजद अध्यक्ष पांचू महासेठ, जिला प्रवक्ता अरविंद राय, पूर्व प्रमुख शिव शंकर राय, प्रधान महासचिव राहुल कुमार, मुखिया छविनाथ सिंह, पैक्स अध्यक्ष नवीन कुमार, महेश राय, सुरेंद्र राय समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और पंचायत के सम्मानित मुखिया उपस्थित थे।
प्रखंड राजद अध्यक्ष पांचू महासेठ ने कहा कि राजद बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ा है और उनकी हर संभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है। अगर प्रशासनिक स्तर पर कोई अनदेखी होती है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।