दरभंगा में आयोजित हुआ ‘डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सम्मान समारोह 2026’, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित



TV24
News :
10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में मिथिला सेंट्रल हॉस्पिटल, बेतां दरभंगा एवं टारगेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में “डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सम्मान समारोह 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लहेरियासराय स्थित गोल घर सभागार में किया गया, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राइवेट टीचर कोचिंग एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष एवं मानवाधिकार इमरजेंसी सोशल हेल्पलाइन के जिलाध्यक्ष संतोष सर शामिल हुए। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में संतोष सर ने कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने छात्रों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी जरूरी है, ताकि जीवन के वास्तविक अनुभवों से सीखने और अपनी कमियों को दूर करने का अवसर मिल सके। उन्होंने छात्रों को निरंतर मेहनत कर शिक्षा जगत में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को मेडिकल शिक्षा, करियर विकल्प एवं उसके महत्व के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के सम्मान समारोह का उद्देश्य छात्रों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है।

समारोह में मिथिला सेंट्रल हॉस्पिटल एवं टारगेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल के सभी शिक्षक, सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। छात्रों ने आयोजन के लिए संस्थान एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।