बेनीबाद थाना में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अहम बैठक, बकरीद पर शांति बनाए रखने की अपील

TV24 News: मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद मॉडल थाना परिसर में रविवार को सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। नए प्रभार लिए थानाध्यक्ष राज कुमार गौतम ने थाना क्षेत्र के सभी सीएसपी संचालकों, पेट्रोल पंप मैनेजरों और आभूषण दुकानदारों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने सभी सीएसपी संचालकों को विभागीय SOP के तहत कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी सीएसपी केंद्र, पेट्रोल पंप और ज्वेलरी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे होना और उनका चालू अवस्था में रहना अनिवार्य है। साथ ही सभी व्यवसायियों को पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जुड़े रहने की सलाह दी गई।
थानाध्यक्ष राज कुमार गौतम ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी प्रकार के असामाजिक तत्व या मनचले लोगों द्वारा अराजकता फैलाने की कोशिश की जाती है, तो इसकी तत्काल सूचना थाना को दें। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त और न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि कई सीएसपी केंद्र, पेट्रोल पंप और ज्वेलरी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का स्टोरेज पर्याप्त नहीं पाया गया है। इसे बढ़ाने के लिए संबंधित संचालकों को नोटिस भेजा जाएगा।
वहीं आगामी बकरीद पर्व को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों सहित हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्ध लोग शामिल हुए। पुलिस प्रशासन की ओर से सभी से आपसी भाईचारा और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई। इस मौके पर कई पुलिस अधिकारी और विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।