बेनीबाद: चक्की गांव में ईकड़ी की फसल में भीषण आग, कई एकड़ जलकर राख | TV24 News
TV24 News Desk : बेनीबाद थाना क्षेत्र के चक्की गांव में रविवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई जब अचानक खेतों में लगी ईकड़ी की फसल से आग की तेज लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में धुएं का घना गुबार आसमान तक फैल गया और देखते-ही-देखते आग ने आसपास के कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की चपेट में आकर रामबाबू राय, नरेश राय, सुरेश राय और रामप्रवेश राय सहित कई किसानों की कई एकड़ में लगी ईकड़ी की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। किसानों के सामने अचानक भारी नुकसान की स्थिति पैदा हो गई। ग्रामीणों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि संभलने का मौका तक नहीं मिला।
आग लगने के कारणों का अभी तक ठोस पता नहीं चल सका है। हालांकि गांव में दबे मुंह यह चर्चा है कि किसी व्यक्ति द्वारा खेत की सफाई के दौरान घूरा (कूड़ा-कचरा) फूंकने से चिंगारी फैली और सूखी फसल में आग पकड़ ली, जिससे आग तेजी से फैल गई।
घटना के समय महाशिवरात्रि पर्व होने के कारण गांव के कई लोग बाहर थे, जिससे शुरुआती समय में आग बुझाने में परेशानी हुई। इसके बावजूद मौजूद ग्रामीणों ने बाल्टी, पंप और मिट्टी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास के अन्य खेत और घर सुरक्षित बच गए।
बेनीबाद थानाध्यक्ष साकेत सार्दुल ने बताया कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। फिलहाल थाने में किसी प्रकार का लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
ईकड़ी की फसल को बचाते किसान...
©TV24 News