बिहार में दर्दनाक हादसा: नदी में डूबने से एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों की मौत

TV24 News : बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां नदी में डूबने से एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

यह घटना शिवाजीनगर प्रखंड के परसा पंचायत स्थित बोरज गांव (वार्ड संख्या 7) की है। सोमवार को तीनों भाई बरियाही घाट पर करेह नदी में नहाने गए थे, इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय लोगों द्वारा काफी प्रयास किए गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान सुदर्शन कुमार झा के तीन बेटों के रूप में हुई है। इनमें 17 वर्षीय अदित कुमार, जो इस वर्ष दसवीं कक्षा में गया था, 15 वर्षीय हर्षित कुमार, जो नौवीं का छात्र था, और सबसे छोटा 13 वर्षीय कार्तिक कुमार, जो आठवीं कक्षा में पढ़ता था।

बताया जा रहा है कि तीनों भाई अपने माता-पिता के साथ दिल्ली में रहकर पढ़ाई करते थे। उनके पिता सुदर्शन कुमार झा दिल्ली के नेहाल विहार इलाके में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। रामनवमी के अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी पूरा परिवार अपने गांव आया हुआ था।

परिवार की परंपरा के अनुसार गांव के हनुमान मंदिर में ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वे यहां पहुंचे थे। सुदर्शन कुमार झा के पिता मंदिर के पुजारी हैं, जिसके कारण हर वर्ष पर्व-त्योहार पर पूरा परिवार गांव आता है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।