गायघाट में आपदा प्रबंधन समिति की बैठक, तटबंधों को मजबूत करने पर जोर...

TV24 News: गायघाट (मुजफ्फरपुर)। संभावित बाढ़ और आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर सोमवार को गायघाट प्रखंड सभागार में प्रखंड स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख श्रवण कुमार सिंह ने की। बैठक में अंचलाधिकारी शिवांगी पाठक, बागमती परियोजना के एसडीओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बाढ़ पूर्व तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बागमती नदी एवं अन्य नदियों के किनारे कटाव और जलभराव से सर्वाधिक प्रभावित होने वाले स्थानों को चिह्नित कर समय रहते आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही आपात स्थिति में लोगों और मवेशियों के सुरक्षित ठहराव के लिए ऊंचे स्थानों की पहचान करने को कहा गया।

बैठक में छोटे-बड़े नदी की मुख्य एवं उपधाराओं पर क्षतिग्रस्त तटबंधों और बांधों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया गया। बागमती नदी के अधिक कटाव वाले क्षेत्रों में पहले से ही बालू और बालू से भरे बोरे का पर्याप्त भंडारण करने का निर्णय लिया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कटावरोधी कार्य शुरू किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया कि क्षेत्र की सभी गर्भवती महिलाओं का सर्वेक्षण कर सूची शीघ्र तैयार की जाए, जिससे बाढ़ के दौरान सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था समय पर की जा सके। इसके अलावा सर्पदंश, एलर्जी सहित आपदा के समय उपयोग में आने वाली आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण और उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ से पूर्व सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारी पूरी करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। सीओ शिवांगी पाठक ने जल्द से जल्द जीआर सूची तैयार कर अंचल कार्यालय को सुपुर्द करने को कहा है।