मुजफ्फरपुर में लापता ठेला चालक का शव बरामद, 4 दिन से था गायब
मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर इलाके में बूढ़ी गंडक नदी किनारे एक ठेला चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक पिछले चार दिनों से लापता था और काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
मृतक की पहचान आश्रम घाट न्यू ब्राह्मण टोली निवासी अनिल कुमार (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। घर में पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
सिकंदरपुर थानाध्यक्ष दुखी महतो ने बताया कि नदी किनारे से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।